home page

एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करें युवा : जितेंद्र बहादुर सिंह

 | 
एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करें युवा : जितेंद्र बहादुर सिंह


एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करें युवा : जितेंद्र बहादुर सिंह


जौनपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह-2026 का आयोजन किया गया। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आयोजित समारोह में सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता में योगदान को याद किया गया।

मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक, लखनऊ के चेयरमैन जितेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में देश को वैचारिक और सामाजिक एकता की सबसे अधिक आवश्यकता है। सरदार पटेल के विचार और आदर्श युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अनुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना को अपने आचरण में उतारना चाहिए। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. आरके सिंह ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान कठिनाइयों के बावजूद देशहित के प्रति अपना समर्पण बनाए रखा। उनका त्याग और अनुशासन विद्यार्थियों को धैर्य, निष्ठा और समर्पण की सीख देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी से अध्ययन करने और अपने ज्ञान का उपयोग समाज की भलाई के लिए करने का आह्वान किया।

इस दौरान टीडी कॉलेज के शिक्षक डॉ. सुभाष चंद्र विश्नोई ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। डॉ. नरेंद्र देव पाठक ने भी कला का प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने एकल एवं समूह गान, नृत्य और रंगोली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने महात्मा गांधी, सरदार पटेल, वीर बहादुर सिंह एवं महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए। सांस्कृतिक समिति के संयोजक प्रो. मनोज मिश्र ने स्वागत किया। कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने आभार जताया। संचालन अभिनव कीर्ति एवं अवंतिका यादव ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव