home page

शाही पुल से गोमती नदी में कूदा युवक, तलाश में जुटी एसडीआरएफ और पीएसी की टीम

 | 
शाही पुल से गोमती नदी में कूदा युवक, तलाश में जुटी एसडीआरएफ और पीएसी की टीम


जौनपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में नगर कोतवाली क्षेत्र के शाही पुल से सोमवार देर रात एक युवक ने गोमती नदी में छलांग लगा दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कराई। मंगलवार को एसडीआरएफ और पीएसी के गोताखोरों को बुलाकर तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

सरायपोख्ता चौकी प्रभारी राहुल रंजन ने मंगलवार को बताया कि सहाबुद्दीनपुर निवासी मोहम्मद उमैर सोमवार रात किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गया था। रात करीब 12:30 बजे उनके पिता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने संदेश दिया कि उन्हें माफ कर दें, वह पुल पर है। दोबारा फोन करने पर पता चला कि उमैर ने किसी व्यक्ति से मोबाइल लेकर फोन किया था।

परिजन उसकी तलाश में जेसीज चौराहे और सद्भावना पुल पहुंचे, लेकिन उसका पता नहीं चला। बाद में शाही पुल पर उमैर एक अर्टिगा कार के पीछे छिपा मिला। परिजनों को देखते ही वह नदी की ओर बढ़ने लगा। मोहम्मद नसीम ने उसे रोकने और बात करने की कोशिश की। इसी दौरान नसीम का मोबाइल बजने लगा और वह फोन निकालने लगे। तभी उमैर ने गोमती नदी में छलांग लगा दी।

इस संबंध में चौकी प्रभारी ने बताया कि परिजनों की ओर से पुलिस को घटना की जानकारी नहीं दी गई है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ और पीएसी के गोताखोरों को बुलाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव