home page

औरैया में खेत में पेड़ से लटका मिला युवक का शव

 | 

औरैया, 08 मई (हि. स.) । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र के ग्राम गौरी रामप्रसाद में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव खेत में बबूल के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान 45 वर्षीय अवधेश उर्फ पिंटू पुत्र सुरेश चंद्र यादव निवासी ग्राम गौरी रामप्रसाद के रूप में हुई है। वह अविवाहित था। ग्रामीणों ने सुबह खेत पर उसका शव पेड़ से लटका देखा। परिजनों ने बताया कि अवधेश शांत स्वभाव का व्यक्ति था। वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गुरुवार को गांव के कुछ लोगों से उसका विवाद और झगड़ा हुआ था। घटना की सूचना पर पीआरवी पुलिस भी गांव पहुंची थी। इसके कुछ घंटों बाद युवक द्वारा यह कदम उठाने की जानकारी सामने आई।

थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार