गंडक नदी में नहाने के दौरान युवक की डूबने से मौत
देवरिया, 28 जून (हि.स.)। लार थाना क्षेत्र के महरौना स्थित गंडक नदी में रविवार को नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।
थानेदार लार राकेश सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मायापुर निवासी सलील साहनी (24) के रूप में हुआ हैं। परिवार से पता चला है कि युवक गंडक नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। बाद में युवक को नदी से बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना पर लार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और नदी किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने की मांग की।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

