home page

कानपुर : नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, तीन घंटे बाद मिला शव

 | 
कानपुर : नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, तीन घंटे बाद मिला शव


कानपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में शिवराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को नून नदी में नहाने गए युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। युवक को डूबता देख साथियों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद हो सका।

महाराणा निवादा गांव निवासी सर्वेश का पुत्र निखिल (18) दोस्तों के साथ नून नदी में नहाने गया था। सभी युवक नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान निखिल अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया और शोर मचाकर आसपास मौजूद ग्रामीणों को बुलाया, लेकिन तब तक निखिल पानी में काफी अंदर जा चुका था।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए। परिजनों को सूचना दी गई तो घर में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर नदी में तलाशी अभियान शुरू कराया। काफी प्रयास के बाद करीब तीन घंटे में गोताखोरों ने निखिल के शव को नदी से बाहर निकाला। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।

थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि नून नदी में युवक के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब तीन घंटे बाद शव बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप