home page

जौनपुर के टाइल्स गोदाम में युवक की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों ने साढ़े तीन घंटे मार्ग जाम किया

 | 
जौनपुर के टाइल्स गोदाम में युवक की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों ने साढ़े तीन घंटे मार्ग जाम किया


जौनपुर के टाइल्स गोदाम में युवक की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों ने साढ़े तीन घंटे मार्ग जाम किया


जौनपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में लाइन बाजार थाना क्षेत्र के चौकियां रोड स्थित बालाजी टाइल्स के गोदाम में काम करने वाले एक युवक की शुक्रवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव को जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर रखकर करीब साढ़े तीन घंटे तक चक्का जाम किया। इससे मार्ग पर करीब दो किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई।

मृतक की पहचान कोतवाली थाना क्षेत्र के परमानतपुर मोहल्ला निवासी भोलू (30) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, भोलू बालाजी टाइल्स के गोदाम में काम करता था। शुक्रवार दोपहर वह किसी काम से गोदाम के अंदर गया था। कुछ देर बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला और घटना की जानकारी परिजनों को दी।

परिजनों ने युवक की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। घटना की सूचना मिलते ही नगर क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता, शहर कोतवाली प्रभारी अनीता सिंह समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

सड़क जाम की सूचना पर समाजवादी पार्टी की मछलीशहर विधायक डॉ. रागिनी सोनकर भी मौके पर पहुंचीं और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने सरकारी नियमों के तहत आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया।

सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद यातायात सामान्य कराया गया।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव