home page

बाबा धाम गए युवक की सुल्तानगंज में मौत, गोरखपुर में शव रखकर प्रदर्शन

 | 
बाबा धाम गए युवक की सुल्तानगंज में मौत, गोरखपुर में शव रखकर प्रदर्शन


बाबा धाम गए युवक की सुल्तानगंज में मौत, गोरखपुर में शव रखकर प्रदर्शन


गोरखपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर में शाहपुर थाना क्षेत्र के बिछिया मोहल्ले के रहने वाले युवक बजरंगी निषाद की बिहार के सुल्तानगंज में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर पहुंचे परिजनों ने मोहद्दीपुर-असुरन मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। युवक के साथ बाबा धाम गए उसके दोस्त भीम निषाद पर हत्या का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम होने से मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और कार्रवाई का भरोसा दिया।

परिजनों के मुताबिक, बिछिया निवासी बजरंगी निषाद बीते मंगलवार को अपने दोस्त भीम निषाद के साथ देवघर स्थित बाबा धाम जाने के लिए घर से निकला था। परिजनों का कहना है कि बजरंगी बाबा धाम जाने के पक्ष में नहीं था। उसके पास यात्रा के लिए पर्याप्त पैसे भी नहीं थे। इसके बावजूद उसका दोस्त भीम उसे अपने साथ ले गया। मृतक की सास रेणुका देवी ने आरोप लगाया कि बजरंगी ने जब जाने से इनकार किया तो भीम ने उसे धमकी दी। परिजनों के अनुसार, बजरंगी पहले स्टेशन से वापस घर भी लौट आया था लेकिन भीम उसे दोबारा अपने साथ लेकर चला गया।

फोन पर मारपीट की बात बताने का दावा

परिजनों का आरोप है कि सुल्तानगंज पहुंचने के बाद बजरंगी ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है। उसने यह भी बताया कि उसके साथ गंभीर अनहोनी की आशंका है। परिजनों के मुताबिक, इसके कुछ समय बाद भीम निषाद ने फोन कर बताया कि बजरंगी कहीं भाग गया है। अगले दिन पुलिस की ओर से परिजनों को बजरंगी का शव बरामद होने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन सुल्तानगंज पहुंचे। वहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि शव मिलने के बाद भीम निषाद की ओर से कथित तौर पर चार लाख रुपये लेकर मामले को खत्म करने की बात कही गई। हालांकि, परिजनों ने किसी भी तरह का समझौता करने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि बजरंगी की मौत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

शाहपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार बजरंगी निषाद यात्रा के दौरान नदी में नहाने गया था, जहां डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना दूसरे राज्य में होने के कारण संबंधित स्थानीय पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय