अस्पताल में युवक की मौत, पुलिस प्रताड़ना का आरोप लगा ग्रामीणों ने लगाया जाम
जौनपुर,15 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में महराजगंज थाना क्षेत्र के मजीठी गांव में रविवार को एक युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए प्रयागराज मार्ग स्थित लोहिंदा चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। मजीठी गांव निवासी वंदना सिंह ने आरोप लगाया कि गांव की एक महिला द्वारा उनके पति संतोष सिंह के खिलाफ कुछ दिन पहले छेड़खानी और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया गया था। उनका कहना है कि यह मुकदमा फर्जी था और इसी मामले को लेकर पुलिसकर्मी उनके पति को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे तथा फोन और घर जाकर 50 हजार रुपये की मांग करते थे।परिजनों के अनुसार इस दबाव से संतोष सिंह की तबीयत खराब हो गई। उन्हें इलाज के लिए प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और शव लेकर प्रयागराज मार्ग के लोहिंदा चौराहे पर जाम लगा दिया।वहीं इस मामले में थानाध्यक्ष तरुण श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक के खिलाफ मुकदमा दर्ज था। पुलिस द्वारा प्रताड़ित करने के आरोप निराधार हैं, मामले की जांच की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

