home page

मां की डांट से आहत बेटे ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

 | 
मां की डांट से आहत बेटे ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान


कानपुर, 15 मार्च (हि.स.)। बिठूर थाना क्षेत्र में एक युवक ने शनिवार देर रात को ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। युवक शराब के नशे में घर पहुंचा था, जिस पर उसकी मां ने उसे फटकार लगाई थी। इससे नाराज होकर उसने यह कदम उठाया। रविवार तड़के घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बागदोही बांगर निवासी ममता रावत ने बताया कि उनका बेटा रवि रावत (27) मंधना स्थित एक मसाला फैक्ट्री में काम करता था। वह शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर लौटता था, जिस कारण घर और पड़ोस में कई बार विवाद भी हो जाता था। शनिवार रात भी वह फैक्ट्री से शराब पीकर घर आया था। मां ने नाराजगी जताते हुए उसे दोबारा शराब पीकर घर न आने की बात कही, जिससे वह नाराज होकर घर से निकल गया। देर रात तक उसके घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने दोस्तों व परिचितों से पूछताछ की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से रवि की मौत हो गई है।

थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि युवक के शराब के नशे में घर आने को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। इसी के बाद वह घर से निकल गया और रात में ट्रेन के आगे कूद गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

————————————————

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप