शहतूत के पेड़ से लटका मिला युवक का शव
औरैया, 05 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शहाब्दा में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव बम्बे के किनारे शहतूत के पेड़ से लटका मिला। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को दूरभाष के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि शहाब्दा गांव के पास बम्बे के किनारे एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ है। खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान अरविंद राम दोहरे (पुत्र बाबू राम), निवासी ग्राम मलकपुर, थाना कोतवाली औरैया के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अरविंद रोजी-रोटी के लिए शाहजहांपुर में पानीपूरी बेचने का काम करता था और तीन दिन पहले ही अपने घर वापस आया था।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे अज्ञात कारणों के चलते उसने गांव के पास स्थित शहतूत के पेड़ से अपने अंगोछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए शव की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई। प्रारंभिक जांच में मृतक के गले पर कसाव के निशान (लिगेचर मार्क) पाए गए हैं, जो फांसी की पुष्टि करते हैं।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

