home page

कुत्ता को पीटने के विवाद में युवक की बेरहमी से पिटाई, मौत

 | 

फर्रुखाबाद, 18 सितंबर (हि.स.)।

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में कुत्ते के भौंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद युवक की मौत का कारण बन गया। आरोप है कि कुत्ते को लकड़ी मारने के बाद हुए विवाद में संदीप को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के हुसैनपुर नौखंडा में कुत्ते के भौंकने को लेकर हुए विवाद में 30 वर्षीय संदीप की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, पड़ोसी का कुत्ता भौंकते हुए संदीप की तरफ दौड़ा, जिस पर संदीप ने कुत्ते को लकड़ी मार दी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और कुछ लोगों ने संदीप को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर उसे घर में घुसकर भी पीटा गया। परिजनों का आरोप है कि संदीप को तीन बार घेरकर लाठी-डंडों से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

गंभीर हालत में संदीप को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लाया गया, जहां शुक्रवार सुबह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी प्रीती और भाई बलबीर ने मारपीट को लेकर आरोप लगाए हैं। वहीं, परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के बाद पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर