home page

आकाशीय बिजली गिरने से युवती की मौत, मां झुलसी

 | 
आकाशीय बिजली गिरने से युवती की मौत, मां झुलसी


देवरिया, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के खामपार थाना क्षेत्र के बरईपार पांडेय गांव में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से धान की रोपाई कर रही 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि उसकी मां झुलस गईं। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

सीओ मनोज वर्मा ने बताया कि मृतका की पहचान प्रीति (18) पुत्री मुख्तार प्रसाद निवासी बरईपार पांडेय के रूप में हुई है। गुरुवार शाम करीब पांच बजे वह अपनी मां ज्ञानती देवी (65) के साथ खेत में धान की रोपाई कर रही थी। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर बाद खेत में आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में मां-बेटी आ गईं।

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दोनों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्रीति को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी मां ज्ञानती देवी का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

सूचना मिलने पर खामपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रीति की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक की लहर है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की आशंका के दौरान खुले खेतों, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक