home page

जन्मदिन से एक दिन पहले युवती ने फांसी लगाकर दे दी जान

 | 
जन्मदिन से एक दिन पहले युवती ने फांसी लगाकर दे दी जान


कानपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। गुजैनी थाना क्षेत्र के वरुण बिहार में शुक्रवार को घर की ऊपरी मंजिल स्थित कमरे में युवती का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी। युवती के आत्मघाती कदम उठाने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

मृतका की पहचान कृपा कुमारी (21) के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार कृपा ने बर्रा स्थित कामदिगरी स्कूल से 11वीं तक पढ़ाई की थी। करीब एक साल पहले पढ़ाई छोड़ने के बाद वह घर पर ही रह रही थी। कृपा का जन्मदिन 12 सितंबर को था। इसी तारीख को उसके चचेरे भाई मयंक का भी जन्मदिन होता है। परिवार में दोनों का जन्मदिन हर साल साथ मनाया जाता था। गुरुवार रात कृपा ने पिता से इस बार मिलने वाले जन्मदिन के उपहार के बारे में पूछा था। पिता ने उसे अपनी पसंद बताने के लिए कहा और दोनों के लिए उपहार देने की बात कही। इस पर कृपा ने कहा कि वह सुबह बताएगी और पिता से सोने के लिए कहा।

रात में परिवार के सोने के बाद कृपा घर के ऊपर बने कमरे में चली गई। शुक्रवार सुबह परिजनों ने उसे तलाश किया तो कमरा भीतर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर कृपा का शव फंदे से लटका मिला। परिवार ने शव काे नीचे उतारने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिवार के लोग भी घटना की स्पष्ट वजह नहीं बता सके हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप