home page

देवा मेला में नौनिहालों ने बिखेरी नृत्य, संगीत और अभिनय की इंद्रधनुषी छटा

 | 
देवा मेला में नौनिहालों ने बिखेरी नृत्य, संगीत और अभिनय की इंद्रधनुषी छटा


बाराबंकी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। देवा मेला एवं प्रदर्शनी में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में शुक्रवार को देवा ऑडिटोरियम में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से समूह नृत्य, एकल गायन एवं एकांकी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं मत्स्य विभाग के कार्यकारी अधिकारी अच्छे लाल निषाद की अध्यक्षता में हुआ। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों, मधुर गीतों और शानदार अभिनय के जरिए दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी प्रस्तुतियों पर पूरा ऑडिटोरियम तालियों से गूंज उठा। प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय उमापुर संदौली, विकासखंड बाराबंकी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, फतेहपुर द्वितीय तथा प्राथमिक विद्यालय हेमपुरवा, विकासखंड निंदूरा तृतीय स्थान पर रहा।

प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन स्टेट रिसोर्स पर्सन अवधेश कुमार पांडेय, पद्मजा त्रिपाठी एवं जिला स्काउट मास्टर राजेंद्र त्रिपाठी के निर्णायक मंडल ने किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, कला-कौशल, भावाभिव्यक्ति और सामूहिक समन्वय के आधार पर परिणाम घोषित किए।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी