home page

युवा नशे से दूर रहें तथा शारीरिक गतिविधियों और खेलों से जुड़ें : डॉ विशेष गुप्ता

 | 
युवा नशे से दूर रहें तथा शारीरिक गतिविधियों और खेलों से जुड़ें : डॉ विशेष गुप्ता


युवा संसद प्रतियोगिता में नशामुक्त भारत का संदेश, जगमीत सिंह रहे प्रथम

मुरादाबाद, 22 नवंबर (हि.स.)। मेरा युवा भारत, मुरादाबाद की ओर से रविवार को केदारनाथ गिरधारी लाल खत्री में विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का विषय ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-2047’ रहा। इसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए युवाओं ने नशे के दुष्प्रभावों और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार रखे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विशेष गुप्ता ने युवाओं से अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को शारीरिक गतिविधियों और खेलों से जुड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने नशे के सामाजिक और व्यक्तिगत दुष्प्रभावों के साथ विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की जिम्मेदारी पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विशिष्ट अतिथि जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील कुमार ने युवाओं को खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन तथा सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देते हैं।

प्रतियोगिता में जगमीत सिंह ने प्रथम, दीपांशु ने द्वितीय और समृद्धि शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मुख्य अतिथि डॉ. विशेष गुप्ता, जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील कुमार, मेजर दीपक भारद्वाज, कृषि वैज्ञानिक एवं वरिष्ठ समाजसेवी दीपक मेंहदीरत्ता, जनपद तंबाकू नियंत्रण सलाहकार प्रशांत कुमार, जिला युवा अधिकारी सचिन कुमार, जोगिंदर सिंह, डॉ. प्रदीप करनवाल और डॉ. संजय जौहरी सहित अन्य अतिथियों ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम में युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल