home page

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

 | 
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


उरई, 17 मार्च (हि.स.)। जालौन कोतवाली क्षेत्र के एदलपुर गांव में 25 वर्षीय युवक का शव नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान विक्की (25 वर्ष), निवासी ग्राम एदलपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विक्की किसी काम से घर से बाहर गया था, लेकिन देर रात तक वह वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद जब परिजन खेतों की ओर पहुंचे, तो मंगलवार सुबह वहां नीम के पेड़ से विक्की का शव लटका हुआ मिला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं मृतक के परिजनों ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि गांव के ही कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी। उन्होंने रामसेवक, अर्जुन और संतोष नामक व्यक्तियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले विक्की की हत्या की गई और बाद में सबूत छिपाने के लिए उसके शव को फांसी के रूप में नीम के पेड़ से लटका दिया गया।

सीओ जालौन शैलेंद्र बाजपेई ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा