home page

परिजनों से नाराज युवक ने सरयू नदी में लगाई छलांग, तलाश जारी

 | 
परिजनों से नाराज युवक ने सरयू नदी में लगाई छलांग, तलाश जारी


देवरिया, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के मईल थाना क्षेत्र के पनिका गांव निवासी सिराज पुत्र गफूर ने शनिवार दोपहर भागलपुर पुल से सरयू नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद से युवक की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि वह परिजनों से नाराज होकर अपने एक साथी के साथ बाइक से पुल पर पहुंचा था।

जानकारी के मुताबिक, सिराज शनिवार दोपहर अपने साथी के साथ बाइक से भागलपुर पुल पर पहुंचा। वहां बाइक रोकने के बाद उसने अचानक सरयू नदी में छलांग लगा दी। बाइक पर पीछे बैठे साथी ने भागलपुर पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

घटनास्थल बलिया जिले की सीमा में होने के कारण मईल पुलिस ने उभांव पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उभांव पुलिस मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश में जुट गई। दोनों थानों की पुलिस आपसी समन्वय से खोजबीन कर रही है। वहीं, युवक के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में मईल के थानाध्यक्ष विकास नाथ ने बताया कि पनिका गांव निवासी सिराज के सरयू नदी में कूदने की सूचना मिली है। पुल का संबंधित हिस्सा बलिया जिले की सीमा में पड़ता है, इसलिए उभांव पुलिस को तत्काल जानकारी दे दी गई है। युवक की तलाश जारी है। उसके नदी में कूदने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक