कानपुर : मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
कानपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर नगर के नवाबगंज थाना क्षेत्र में सोमवार रात मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि शराब के लिए 500 रुपये मांगने से मना करने और पुरानी रंजिश के चलते युवक के साथ मारपीट की गई थी। शनिवार को पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उजियारी पुरवा निवासी वर्षीय दिनेश निषाद (24) सोमवार रात करीब 10 बजे सूर्य विहार स्थित केनरा बैंक के पास था। इसी दौरान छोटू बिहारी, बिंदा का बेटा छोटू और दो अन्य लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि शराब के लिए 500 रुपये मांगे गए। रुपये देने से मना करने पर आरोपितों ने दिनेश के साथ मारपीट की और ईंट से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने पर उसे विकास नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों के मुताबिक दिनेश का करीब चार दिन तक अस्पताल में इलाज चला, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार देर रात उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार ने पुरानी रंजिश को भी मारपीट की वजह बताया है।
नवाबगंज थाना प्रभारी रामकेसर ने बताया कि मामले में आरोपितों की तलाश के लिए चार टीमें लगाई गई हैं। तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। परिजनों ने बताया कि परिवार में इससे पहले भी एक भाई की इसी तरह हत्या हो चुकी है। पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

