अंतिम संस्कार में शामिल युवक गंगा में डूबा, तलाश जारी
फर्रुखाबाद, 23 फरवरी (हि. स.)। अंतिम संस्कार में शामिल होने गया युवक गंगा नदी में डूब गया। उसकी तलाश में गोताखोर लगाए गए लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
कमालगंज थाना के मोहल्ला गांधी नगर निवासी संजय गुप्ता का पुत्र राहुल उर्फ लखपति (23) गंगा में डूब गया। वह मोहल्ला मिर्ज़ा गली निवासी मुनीम जी का आज दोपहर बाद अटेयन घाट पर दाह संस्कार करने गया था। इसी दौरान राहुल साथियों के साथ गंगा नहाते समय गहराई में पुल के निकट जाकर डूब गया। यह जानकारी मिलते ही घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और सनसनी फैल गई। राहुल के परिजन रोते-बिलखते श्मशान घाट पहुंचे।
राहुल की तलाश में गोताखोरों को लगाया गया, काफी प्रयास करने के बावजूद गोताखोर राहुल को तलाश नहीं कर सके। चर्चा है कि गंगा में डूब जाने से राहुल की मौत हो गई, उसका शव बह गया है। राहुल रेलवे स्टेशन के निकट फिंगर एवं मोमोज की ठेली लगाकर गुजर-बसर करता था। थाना प्रभारी ने बताया कि नदी में युवक की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

