home page

लापता युवक का शव नाले में मिला, हत्या की आशंका

 | 
लापता युवक का शव नाले में मिला, हत्या की आशंका


फिरोजाबाद, 05 फ़रवरी (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत बृहस्पतिवार को एक युवक का शव नाले में मिला है। युवक पिछले 13 दिन से लापता था। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत एटा रोड स्थित रोटी बैंक के पास नाले में बृहस्पतिवार को एक युवक का शव लोगों ने पड़ा देखा तो वह हैरान रह गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया। मृतक की पहचान प्रशान्त जैन निवासी एटा चौराहा मुस्तफाबाद रोड के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि प्रशांत 23 जनवरी को घर से बड़ा बाजार आया था। उसके बाद से वह गायब हो गया। युवक के परिजनों ने उसको सभी संभावित स्थान पर तलाश किया लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। पत्नी ने युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार राना का कहना है कि गुमशुदगी में दर्ज युवक का शव नाले से बरामद हुआ है। युवक शराब पीने का आदी था। सम्भवतः उसकी नाले में गिरने से मौत हुई है। मृत्यु का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से स्पष्ट होगा। फिलहाल मामले की जांच कर कार्यवाही की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़