home page

होटल के कमरे में युवक-युवती की मौत, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका

 | 
होटल के कमरे में युवक-युवती की मौत, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका


कानपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। कलक्टरगंज थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में युवक और युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में दोनों के जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कलक्टरगंज थाना क्षेत्र स्थित होटल सूर्या में शनिवार को एक युवक और युवती कमरा लेकर ठहरे थे। होटल स्टाफ के अनुसार शाम तक दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले। कई बार दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पुलिस होटल पहुंची। दरवाजा खुलवाने पर युवक और युवती कमरे के अंदर अचेत अवस्था में पड़े मिले। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मौके की जांच शुरू की और कमरे से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लिया।

पुलिस ने होटल कर्मचारियों से पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। जांच में सामने आया कि दोनों आज दोपहर के समय होटल पहुंचे थे और इसके बाद कमरे से बाहर नहीं निकले। मौके से मिले पहचान पत्रों के आधार पर मृतकों की पहचान फतेहपुर निवासी दिग्विजय सिंह और उन्नाव निवासी शिवांगी तिवारी के रूप में हुई। दोनों की उम्र करीब 33 वर्ष बताई जा रही है।

पुलिस प्रथम दृष्टया दोनों द्वारा किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जता रही है। हालांकि कमरे से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

सहायक पुलिस आयुक्त कलक्टरगंज आनंद कुमार ओझा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप