home page

मुख्यमंत्री योगी ने एक विचित्र पहल के सामाजिक कार्यों का किया उत्साहवर्धन

 | 
मुख्यमंत्री योगी ने एक विचित्र पहल के सामाजिक कार्यों का किया उत्साहवर्धन


औरैया, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति रजि. के करीब 13 वर्षों से निरंतर चल रहे जनसेवा और सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समिति का उत्साहवर्धन किया है। मुख्यमंत्री ने दो अक्टूबर 2026 को पत्र जारी कर समिति के कार्यों की प्रशंसा की। इससे समिति परिवार में खुशी की लहर है। समिति ने मुख्यमंत्री के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।

समिति द्वारा यमुना तट स्थित अंत्येष्टि स्थलों की सफाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। 25 अक्टूबर तक अभियान के 171 चरण पूरे हो चुके हैं। इस दौरान लगभग 49 टन कचरा और अपशिष्ट यमुना नदी में जाने से रोका गया। समिति महिला सशक्तीकरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नशा मुक्ति, पर्यावरण एवं जल संरक्षण के साथ यातायात जागरूकता के क्षेत्र में भी कार्य कर रही है।

समिति जरूरतमंदों के लिए 'नेकी की दीवार' नाम से निःशुल्क वस्त्र बैंक संचालित करती है। आर्थिक रूप से कमजोर सर्वसमाज की 78 बेटियों के विवाह में दान-दहेज कार्यक्रमों के माध्यम से सहयोग किया गया है। वहीं, एक जुलाई 2026 से 50 शैय्या जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को प्रतिदिन सुबह सात बजे जलपान उपलब्ध कराया जा रहा है।

जीवनधारा पौधारोपण अभियान के तहत प्रतिवर्ष 5100 पौधे लगाने और उनके संरक्षण का लक्ष्य रखा जाता है। इसके अलावा बेसहारा, वृद्ध, विधवा और दिव्यांग बच्चों की यथासंभव मदद की जाती है। समिति विभिन्न राष्ट्रीय एवं धार्मिक पर्वों पर कार्यक्रम आयोजित करने के साथ जनजागरूकता अभियान भी चलाती है।

मुख्यमंत्री की ओर से मिले उत्साहवर्धन पर समिति के संस्थापक 'औरैया रत्न' आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट और अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) का समिति सदस्यों एवं नगरवासियों ने माल्यार्पण कर मिठाई खिलाते हुए अभिनंदन किया। समिति परिवार ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए इसे सामाजिक सेवा के लिए प्रेरणादायक बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार