योग दिवस काउंटडाउन के तहत छात्र-छात्राओं को योग का महत्व बताया
औरैया, 27 अप्रैल (हि.स.) । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 55 दिन काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत योग वैलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की ओर से सोमवार को विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में दिबियापुर राेड स्थित सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्रा व प्रधानाचार्य योगेंद्र द्विवेदी ने संयुक्त रूप से वरिष्ठ छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए जीवन में योग और व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वस्थ रहने के लिए नियमित योग अत्यंत आवश्यक है और शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि एक अच्छे विद्यार्थी की पहचान तभी बनती है, जब वह अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखे।
द्वितीय सत्र में चिकित्सालय में कुल 30 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें 21 नए और 9 पुराने मरीज शामिल रहें। इनमें 21 पुरुष एवं 9 महिलाएं थीं। गर्मी के प्रकोप के चलते अधिकांश मरीज अपच, भूख न लगना, सिरदर्द व काम में मन न लगने जैसी समस्याओं से परेशान पाए गए। योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्रा ने मरीजों को योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से स्वस्थ रहने के उपाय बताए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

