तिलक स्टेडियम में बुजुर्ग और युवाओं को मिला योग प्रशिक्षण
औरैया, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत संचालित योग वैलनेस सेंटर (राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय) की ओर से बुधवार को औरैया जनपद के तिलक स्टेडियम परिसर में प्रातःकालीन योग प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्रा ने बुजुर्गों के साथ-साथ किशोर एवं युवाओं को योग और व्यायाम के महत्व से अवगत कराया तथा शरीर को स्वस्थ और सबल बनाने के लिए विभिन्न अभ्यास कराए।
द्वितीय सत्र में कुल 33 मरीजों का पंजीकरण हुआ, जिनमें 29 नए और 4 पुराने मरीज शामिल रहे। इनमें 17 पुरुष तथा 16 महिलाएं व बच्चे थे। इस दौरान मरीजों में गलत खानपान और अनियमित दिनचर्या से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।
योग प्रशिक्षक ने बताया कि पेट साफ न होना, बवासीर, थकान, लगातार छींक आना, महिलाओं में प्रदर तथा युवाओं में धातु व प्रमेह जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। इसके कारण चक्कर आना, भूख न लगना और अन्य शारीरिक व मानसिक परेशानियां भी हो रही हैं।
उन्होंने योग के माध्यम से इन बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के सरल उपाय बताए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

