home page

यमुना में स्नान करने गई किशोरी की डूबकर मौत

 | 
यमुना में स्नान करने गई किशोरी की डूबकर मौत


फतेहपुर, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को किशोरी की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान अंजू कुमारी पुत्री फूलचंद सोनकर निवासी पुनवार, पश्चिम शरीरा (जनपद कौशाम्बी) के रूप में हुई है। वह आठवीं कक्षा की छात्रा थी और रविवार को अपने परिवार के साथ मामा के घर गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने आई थी।

आज दोपहर बाद अंजू अपनी सहेली के साथ गांव के पास यमुना नदी में नहाने गई थी। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। सहेलियों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किशोरी को नदी से बाहर निकाला गया। जब अंजू को बाहर निकाला गया, उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। परिजन उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी विद्या प्रकाश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार