शिवभक्तों ने सावन के पहले सोमवार को भक्तिभाव से की भोलेनाथ की आराधना, हर-हर बम बम से गूंजे शिवालय
महोबा, 03 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के प्रारंभ होते ही शिव मंदिरों में पूजा अर्चना और अनुष्ठानों का दौर शुरू हो गया है। जिले भर में सावन के पहले सोमवार पर देवालयों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटी रही। भक्तों ने भोले बाबा की आराधना कर घर परिवार और विश्व की खुशहाली की कामना की है। भक्त उत्साह से लवरेज हो हर हर बम बम के जयघोष करते नजर आए ।
सावन के पहले सोमवार को लेकर शिव मंदिरों में भक्तों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए तैयारियां पूरी कर लीं गईं हैं। भक्तों ने शिवालयों में जलाभिषेक कर घर परिवार और विश्व कल्याण की कामना की है। जनपद मुख्यालय स्थित उमंगेश्वर महादेव मंदिर, रामकथा मार्ग स्थित द्वादश ज्योर्तिलिंग मंदिर, शिव तांडव, बड़ी चंद्रिका परिसर स्थित शिव मंदिर समेत जिले के सभी शिवालयों में भक्तों ने भगवान भोलेनाथ की भक्तिभाव से रुद्राभिषेक और हवन पूजन कर आराधना की ।
उमंगेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी पंडित शिव किशोर पाण्डेय ने बताया कि भगवान शंकर की आराधना करने से मनुष्य को दुखों से छुटकारा मिलता है। भोलेबाबा की पूजा बहुत ही सरल और मनोकामनाओं को पूरा करने वाली है। प्रत्येक सोमवार को भोलेबाबा का मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया जाता है और फिर भक्तों में प्रसाद वितरण किया जाता है। महोबा नगर की सुरक्षा एवं कल्याण के लिए चारों दिशाओं में भोलेनाथ विराजमान हैं। जिनमें पूर्व में कंठेश्वर, पश्चिम में पठेश्वर, उत्तर में बालखंडेश्वर विराजमान हैं। भक्तिभाव से इनकी आराधना करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
घर-घर में हो रहे अनुष्ठान
जनपद मुख्यालय स्थित आलमपुरा मुहाल निवासी पंडित सत्यव्रत चतुर्वेदी बताते हैं कि श्रावण मास में शिव मंदिरों शिवालयों समेत घर घर में अनुष्ठानों का दौर शुरू हो जाता है। घर घर में लोग पार्थिव शिवलिंग निर्माण कर विधिविधान से उनका अभिषेक कर आराधना करते हैं। द्वादश ज्योर्तिलिंग मंदिर में श्रावण मास में नित्य प्रतिदिन पार्थिव शिवलिंग का निर्माण होता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

