स्वस्थ जीवनशैली ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला: प्रकाश सिंह चौधरी
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर गंगोत्री देवी स्कूल ऑफ नर्सिंग में परिचर्चा आयोजित
गोरखपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में गंगोत्री देवी स्कूल ऑफ नर्सिंग में नर्सिंग छात्राओं के साथ एक सार्थक एवं जागरूकतापरक परिचर्चा का आयोजन मंगलवार को किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रकाश सिंह चौधरी ने मुख्य रूप से छात्राओं को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य के महत्व, स्वच्छता, अनुशासन और सेवा-भाव पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन ही प्रत्येक सफलता का मूलाधार है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि नर्सिंग केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता की निस्वार्थ सेवा का एक पवित्र दायित्व है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक नर्स की सजगता, संवेदनशीलता और सेवा-निष्ठा किसी भी समाज के स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत बनाती है।
उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा से समाज में स्वास्थ्य जागरूकता की सशक्त वाहक बनें।
कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक आशुतोष मिश्र ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति सजगता, स्वच्छता के प्रति अनुशासन और सेवा के प्रति समर्पण ही एक श्रेष्ठ नर्स की पहचान है। वहीं पूर्व प्रधानाचार्य लोरीटा याकूब ने छात्राओं को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, करुणा और मानवीय संवेदना के साथ करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर शिक्षिकाओं ने भी स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छ जीवनशैली और रोग-निवारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ परिचर्चा में सहभागिता कर कार्यक्रम को सार्थक बनाया।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधानाचार्य लोरीटा याकूब, प्रबंध निदेशक आशुतोष मिश्र, शिक्षिका सुगंधा सिंह, मधु भट्ट, अलका चौधरी, पूनम साहनी, सिंधुजा, ममता मौर्या, रिंकू कुशवाहा, अमिरून निशा, देवेंद्र चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

