home page

समय रहते जांच और उपचार से मधुमेह की जटिलताओं से बचाव संभव: डॉ. अमित सिंह गौर

 | 
समय रहते जांच और उपचार से मधुमेह की जटिलताओं से बचाव संभव: डॉ. अमित सिंह गौर


कानपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। मधुमेह की समय पर पहचान, नियमित जांच और उचित उपचार से बीमारी को नियंत्रित रखने के साथ ही इससे होने वाली गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है। इसके लिए लोगों को संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक होना जरूरी है। यह बातें शनिवार को विश्व मधुमेह दिवस पर आयोजित जागरूकता अभियान के दौरान इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह गौर ने कहीं।

विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर आईएमए कानपुर और कानपुर डायबिटीज एसोसिएशन की ओर से संयुक्त रूप से मधुमेह जागरूकता रैली निकाली गई। जो मोतीझील स्थित राजीव वाटिका से शुरू हुई रैली अशोक नगर और कारगिल पार्क होते हुए वापस राजीव वाटिका पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें चिकित्सकों और अन्य प्रतिभागियों ने मधुमेह से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश लिखी तख्तियां और बैनर लेकर लोगों को जागरूक किया।

इस वर्ष विश्व मधुमेह दिवस की थीम 'अर्ली एक्शन ऑन डायबिटीज' यानी मधुमेह के प्रति समय रहते कदम रखी गई है। इसके तहत बीमारी की शुरुआती पहचान, नियमित स्वास्थ्य जांच, उचित उपचार और टाइप-2 मधुमेह के जोखिम को कम करने पर जोर दिया गया।

इस मौके पर राजीव वाटिका में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। इसमें 140 लोगों की ब्लड शुगर, 124 लोगों की एचबीए1सी (ग्लाइकेटेड हीमोग्लोबिन) और 115 लोगों की सीरम क्रिएटिनिन जांच की गई। जांच के बाद चिकित्सकों ने लोगों को आवश्यक परामर्श भी दिया।

कार्यक्रम में आईएमए कानपुर के सचिव डॉ. दीपक श्रीवास्तव, कानपुर डायबिटीज एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. रितेश चौधरी, सचिव डॉ. कुणाल सहाय, कोषाध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा, डॉ. नंदिनी रस्तोगी और डॉ. विशाल मोहन सक्सेना सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप