home page

श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही सरकार : अनिल दीक्षित

 | 
श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही सरकार : अनिल दीक्षित


कानपुर, 01 मई (हि.स.)। मजदूरों के हित में चलाई जा रही योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। सरकार श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। ऐसे कार्यक्रमों के जरिए उन्हें सीधे लाभ दिया जा रहा है। आगे भी इसी तरह प्रयास जारी रहेंगे। यह बातें शुक्रवार को भाजपा जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी (उत्तर) अनिल दीक्षित ने कही।

नगर में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एडीएम सिटी राजेश कुमार, अपर श्रम आयुक्त पी.के. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, डिप्टी डायरेक्टर फैक्ट्री सचिन यादव और सहायक श्रम आयुक्त राम लखन पटेल सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री के ऑनलाइन संबोधन से हुई, जिसे उपस्थित श्रमिकों ने सुना। इस दौरान संगठित और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सम्मानित भी किया गया। कार्यशाला में उद्योग प्रतिनिधियों और श्रमिक प्रतिनिधियों की भी भागीदारी रही, जिससे कार्यक्रम में व्यापक सहभागिता देखने को मिली।

विभिन्न श्रम कल्याण योजनाओं के तहत लाभार्थियों को आर्थिक सहायता वितरित की गई। ज्योतिबा फुले श्रमिक कन्यादान योजना के अंतर्गत इक्यावन हजार रुपये की सहायता कई लाभार्थियों को प्रदान की गई। वहीं प्राविधिक शिक्षा सहायता योजना के तहत श्रमिकों के बच्चों को पच्चीस हजार रुपये की मदद दी गई।

इसके अलावा असंगठित श्रमिकों को शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत इकतीस हजार और छब्बीस हजार रुपये की सहायता दी गई। संत रविदास शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत भी श्रमिकों के बच्चों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप