home page

जनता के बीच पकड़ बनाए रखने के लिए कार्यकर्ताओं को छोड़नी होगी अकड़ : अनूप गुप्ता

 | 
जनता के बीच पकड़ बनाए रखने के लिए कार्यकर्ताओं को छोड़नी होगी अकड़ : अनूप गुप्ता


कानपुर, 22 मई (हि.स.)। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखने के लिए अकड़ खत्म करनी होगी और सेवा भाव के साथ संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाना होगा। भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र प्रथम की सोच पर आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ता निर्माण और वैचारिक प्रशिक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। यह बातें शुक्रवार को भाजपा उत्तर प्रदेश के महामंत्री एवं एमएलसी अनूप गुप्ता ने कहीं।

भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर जिले का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शुक्रवार को बिठूर मैनावती मार्ग स्थित पुरुषोत्तम ग्रीन में शुरू हुआ। प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन भाजपा उत्तर प्रदेश के महामंत्री अनूप गुप्ता ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इससे पहले उन्होंने प्रदर्शनी का जायजा लिया।

अपने संबोधन में अनूप गुप्ता ने कहा कि प्रशिक्षण केवल नए कार्यकर्ताओं के लिए नहीं बल्कि पुराने कार्यकर्ताओं के लिए भी आत्ममंथन और अभ्यास का अवसर होता है। उन्होंने कहा कि पार्टी चाहती है कि प्रत्येक कार्यकर्ता वैचारिक, मानसिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से दक्ष बने। भाजपा की कार्यपद्धति और विचारधारा के कारण आज देश के विभिन्न हिस्सों में पार्टी की सरकारें कार्य कर रही हैं।

उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग को “पर्सनालिटी डेवलपमेंट कैंप” बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व निर्माण, संगठनात्मक कौशल और राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की रीति-नीति और सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

दूसरे सत्र में विधायक नीलिमा कटियार ने “देश के समक्ष आगामी चुनौतियां” विषय पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर तेजी से उभरती शक्ति बन रहा है, लेकिन इसके साथ कई चुनौतियां भी सामने हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक समरसता, राष्ट्रवाद, आत्मनिर्भर भारत और डिजिटल जागरूकता को लेकर समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने का आह्वान किया।

मीडिया प्रबंधन विषय पर आयोजित सत्र को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया और सोशल मीडिया जनमत निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं और संगठन के सकारात्मक कार्यों को जनता तक पहुंचाना चाहिए तथा विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रामक नैरेटिव का तथ्यों के साथ जवाब देना चाहिए।

प्रशिक्षण वर्ग में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, सांसद रमेश अवस्थी, एमएलसी अरुण पाठक, सलिल विश्नोई, मानवेंद्र सिंह, विधायक सुरेंद्र मैथानी, कमलावती सिंह, सुरेश अवस्थी, सुशील कटियार, सत्यपाल सिंह, पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी, रविंदर पाटनी और जीतू कश्यप समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप