home page

कार्यकर्ता ही संगठन की ताकत, बूथ स्तर तक मजबूती जरूरी : अनिल दीक्षित

 | 
कार्यकर्ता ही संगठन की ताकत, बूथ स्तर तक मजबूती जरूरी : अनिल दीक्षित


कानपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी का मूल आधार कार्यकर्ता है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। जनरलगंज मंडल के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार और मजबूती के गुर बताए गए। यह बातें शनिवार को नगर अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कही।

भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर जिले के जनरलगंज मंडल का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग राजस्थान भवन, कराची खाना में विधिवत प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, जिला महामंत्री अवधेश सोनकर और मंडल अध्यक्ष योगेश पांडे ने महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रथम सत्र में “कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि” विषय पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और गतिविधियों को गति देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की सफलता का आधार होता है।

द्वितीय सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से उन्हें जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। तृतीय सत्र में पूर्व महापौर रविंद्र पाटनी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों के लिए सक्रिय रहने को प्रेरित किया।

प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन तीन सत्र आयोजित हुए, जिसमें युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनील साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि अन्य मंडलों में भी प्रशिक्षण वर्ग शुरू हो चुके हैं और समापन अगले दिन विभिन्न सत्रों के साथ किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप