home page

सीवर की सफाई के दाैरान कर्मचारी की माैत

 | 

लखनऊ, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सीवर लाइन में काम करने के दौरान हुए एक कर्मचारी फंस गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत बचाव कार्य करते हुए कर्मचारी को बाहर निकाला और उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी दिनेश मिश्रा ने बताया कि ललित, लालाराम, आकाश कुमार और राजन चिनहट तिराहा फल मंडी के पास सीवर लाइन की सफाई का काम कर रहे थे। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों से पूछताछ में ज्ञात हुआ कि इस काम के लिए आवश्यक सुरक्षा किट उपलब्ध थी। कर्मचारी सुरक्षा उपकरणों के साथ कार्य कर रहे थे। इस दौरान लालाराम सीवर लाइन के अंदर कार्य करते समय फंस गए। साथ में मौजूद कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें बाहर निकाला गया। बाहर निकालने पर उनकी स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें तत्काल एम्बुलेंस से इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान भेजा गया। बाद में उसके साथी उसे एक निजी चिकित्सालय चंदन ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के दौरान लालाराम को मृत घोषित कर दिया गया। फिलहाल घटनास्थल पर शांति एवं कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। घटना के संबंध में आवश्यक साक्ष्य एवं तथ्यों का संकलन किया जा रहा है तथा अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक