तारपीन तेल गोदाम की आग में मजदूर की मौत, पूरी तरह जला मिला शव
गोरखपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। तिवारीपुर थाना क्षेत्र के मोहनलालपुर में सोमवार शाम फिनायल और तारपीन तेल के गोदाम में लगी भीषण आग के बाद मंगलवार को एक मजदूर का पूरी तरह जला हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद से ही गोदाम में काम करने वाला करीब 27 वर्षीय मजदूर भोला उर्फ रामबदन लापता था। मंगलवार को जले हुए गोदाम को खोलकर तलाशी लेने पर एक जली हुई बॉडी बरामद हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार मोहनलालपुर निवासी कृष्णा गुप्ता पुत्र स्वर्गीय रामेश्वर प्रसाद के फिनायल गोदाम में सोमवार 28 सितंबर की शाम अचानक आग लग गई थी। गोदाम में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया था। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी।
सूचना मिलने के बाद तिवारीपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। पुलिस और दमकल कर्मियों ने आसपास के मकानों में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के बाद गोदाम को सुरक्षित कर दिया गया था।
मंगलवार को परिजनों की ओर से पुलिस को सूचना दी गई कि गोदाम में काम करने वाला भोला उर्फ रामबदन, निवासी ग्राम मुजहना बुजुर्ग, थाना सिंदुरिया, जनपद महराजगंज, उम्र करीब 27 वर्ष, सोमवार की घटना के बाद से लापता है। इसके बाद पुलिस ने जले हुए गोदाम को खुलवाकर तलाशी कराई। तलाशी के दौरान अंदर एक व्यक्ति का पूरी तरह जला हुआ शव बरामद हुआ।
शव की हालत इतनी खराब थी कि मौके पर तत्काल पहचान की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम और अन्य जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मृतक की मौत आग लगने के दौरान हुई या घटना से संबंधित कोई अन्य परिस्थिति थी। पुलिस घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी जुटा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग की घटना में एक कर्मचारी की मृत्यु होने की जानकारी सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

