यातायात सुधार को लेकर 65 नए चौराहों पर शुरू किया जाएगा काम : नगर आयुक्त
कानपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। कानपुर में यातायात सुधार को लेकर 65 नए चौराहों पर काम शुरू किया जाएगा। मेट्रो स्टेशनों के आसपास पार्किंग और अतिक्रमण हटाने की योजना बनाई गई है। सिटी मोबिलिटी प्लान के तहत ट्रैफिक और कनेक्टिविटी पर फोकस रहेगा। विभागों को शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म प्लान बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए। “65 नए चौराहों की व्यवस्था सुधारी जाएगी” यह बातें गुरुवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कही।
नगर निगम में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यातायात डायवर्जन, मोबिलिटी प्लान और मेट्रो स्टेशनों के आसपास पार्किंग व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पुलिस, नगर निगम, मेट्रो और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और विभिन्न समस्याओं के समाधान पर विचार किया गया।
बैठक में 65 नए चौराहों पर आईटीएमएस ट्रैफिक सिस्टम लागू करने के लिए 35 करोड़ रुपये की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि चौराहों की सूची यातायात विभाग को भेजी जाए, ताकि आवश्यकतानुसार संशोधन कर अंतिम रूप दिया जा सके। उन्होंने कहा कि कार्य योजना के अनुसार चरणबद्ध तरीके से कार्य कराए जाएं।
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात की ओर से शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म योजना तैयार कर विभागों को भेजने की बात कही गई। इसमें जेब्रा क्रॉसिंग, रोड मार्किंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने कहा कि चौराहावार योजना तैयार कर जल्द कार्य शुरू कराया जाए।
बैठक में सिटी मोबिलिटी प्लान की डीपीआर का प्रस्तुतीकरण भी किया गया, जिसमें मेट्रो स्टेशनों के आसपास पार्किंग, लास्ट माइल कनेक्टिविटी और लिंक रोड की योजना शामिल है। रिपोर्ट सभी विभागों को साझा करने के निर्देश दिए गए, ताकि अगली बैठक में विस्तृत समीक्षा की जा सके।
इसके अलावा मेट्रो स्टेशनों के आसपास अतिक्रमण हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई करने की बात कही गई। फुटपाथ पर पार्किंग से बनने वाली जाम की स्थिति को देखते हुए सर्वे कर समाधान निकालने और ऑटो-टैम्पो संचालन को व्यवस्थित करने के लिए स्टैंड चिन्हित करने पर भी जोर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

