महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता और स्वावलंबन से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव : प्रो. सुमन
कानपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता और स्वावलंबन किसी भी समाज की प्रगति की आधारशिला हैं। इस कार्यशाला के माध्यम से छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित किया गया है। मुझे विश्वास है कि यहां प्राप्त ज्ञान उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा। यह बातें मंगलवार को एस.एन. सेन बी.वी.पी.जी. कॉलेज की प्राचार्या प्रो. सुमन ने कहीं।
एस.एन. सेन बी.वी.पी.जी. कॉलेज के विज्ञान संकाय एवं शांतिकुंज, हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित आठ दिवसीय कार्यशाला महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं स्वावलंबन का समापन समारोह मंगलवार को स्मार्ट क्लास में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला स्वास्थ्य, आयुर्वेद, योग, संतुलित जीवनशैली और आत्मनिर्भरता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि एवं नीमा वूमेन्स फोरम उत्तर प्रदेश की सचिव डॉ. वंदना पाठक ने आयुर्वेद के दृष्टिकोण से महिला स्वास्थ्य पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि ऋतुचर्या, दिनचर्या, संतुलित आहार, ध्यान और योग को अपनाकर महिलाएं अनेक स्वास्थ्य समस्याओं से बच सकती हैं। उन्होंने मासिक धर्म, गर्भावस्था और रजोनिवृत्ति के दौरान विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही प्रीकॉन्सेप्शन के दौरान उचित आहार-विहार, पंचकर्म, ध्यान और योग के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि इससे भावी पीढ़ी के बेहतर स्वास्थ्य में भी सकारात्मक योगदान मिल सकता है।
महाविद्यालय प्रबंध समिति के संयुक्त सचिव शुभ्रो सेन ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान जीवनशैली में मोटापा और तनाव महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए बड़ी चुनौती बन चुके हैं। उन्होंने नियमित योगाभ्यास, संतुलित आहार और सकारात्मक सोच को स्वस्थ जीवन का आधार बताया तथा कहा कि महाविद्यालय छात्राओं के समग्र विकास के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. गर्गी यादव, डॉ. प्रीति सिंह एवं डॉ. शैल बाजपेई के संयोजन में किया गया। समापन अवसर पर कार्यशाला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की सभी प्रवक्ताओं, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में छात्राओं ने सहभागिता की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

