home page

मण्डल रेल प्रबंधक ने बच्चों को पुरस्कृत कर किया उत्साहवर्धन

 | 
मण्डल रेल प्रबंधक ने बच्चों को पुरस्कृत कर किया उत्साहवर्धन


--प्रयागराज मण्डल महिला कल्याण समिति के समर कैम्प का समापन

प्रयागराज, 03 जून (हि.स)। प्रयागराज मण्डल की महिला कल्याण समिति द्वारा बाल वाटिका स्कूल में बच्चों के लिए आयोजित विशेष समर कैम्प का समापन बुधवार को हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि मण्डल रेल प्रबन्धक रजनीश अग्रवाल ने समर कैम्प में प्रतिभाग करने वाले सभी 74 बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबन्धक ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन तथा टीम भावना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समर कैंप में भाग लेने वाले बच्चों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से नई सीख प्राप्त की है, जो उनके व्यक्तित्व विकास एवं आत्मविश्वास को और सुदृढ़ करेगी।

महिला कल्याण समिति की अध्यक्षा वंदना अग्रवाल ने कहा कि बच्चों को उनकी रुचियों एवं प्रतिभाओं के अनुरूप मंच प्रदान करना आवश्यक है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों की सृजनात्मक क्षमता को विकसित करने के साथ-साथ उनमें सकारात्मक सोच एवं सामाजिक सहभागिता की भावना भी उत्पन्न करते हैं।

जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि समर कैम्प में बच्चों के लिए चित्रकला, नृत्य, संगीत, योग, खेलकूद, हस्तकला एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त बच्चों के लिए प्रेरणादायक एवं मनोरंजक सत्र भी आयोजित किए गए, जिनसे उनमें नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ।

इस अवसर पर महिला कल्याण समिति की उपाध्यक्षा एवं स्कूल इंचार्ज गुलशन वारिस, उपाध्यक्ष प्रज्ञा दीपक कुमार, उपाध्यक्ष वंदना सिंह, सचिव निहारिका सिंह, कोषाध्यक्ष अनुश्री सहित समिति की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र