महिला मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अभियान शुरू, पात्राें के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने पर जोर
17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगा विशेष पुनरीक्षण अभियान, 21-22 और 28-29 नवंबर को बूथों पर विशेष शिविर
औरैया, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम दर्ज कराने के लिए जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से महिलाओं, नवविवाहित बहुओं और 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाली युवतियों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया जाए। यह निर्देश जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने सोमवार को विकासखंड भाग्यनगर के सभागार में आयोजित महिला मतदाता जागरूकता अभियान के शुभारंभ के दौरान दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में महिलाओं की सहभागिता महत्वपूर्ण है। महिलाओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक होकर आगे आना चाहिए। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और आशा बहुओं से 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलने वाले विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि नागरिक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं। भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, वे प्रारूप-06 भरकर ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विशेष अभियान के तहत 21 व 22 नवंबर तथा 28 व 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। इन तिथियों में बीएलओ संबंधित मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से उपस्थित रहकर मतदाताओं की सहायता करेंगे। इसके अलावा तीन से चार मतदान केंद्रों के समूह पर एक अधिकारी की तैनाती भी की जाएगी, जो बीएलओ की अनुपस्थिति में लोगों को जानकारी और आवेदन संबंधी सहायता उपलब्ध कराएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने भी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि फॉर्म-06 भरते समय सभी जानकारियां सही दर्ज करें और अपना सक्रिय मोबाइल नंबर दें। आवेदन जमा करने के बाद बीएलओ से रसीद अथवा आवेदन की प्रति जरूर प्राप्त करें।
कार्यक्रम में ईसीआईनेट मोबाइल एप की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके माध्यम से मतदाता सूची में नाम खोजने, मतदाता संबंधी जानकारी प्राप्त करने और आवेदन की स्थिति जानने जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस दौरान खंड विकास अधिकारी भाग्यनगर अतुल यादव सहित स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और आशा बहुएं मौजूद रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

