home page

यूपी विधानसभा चुनाव में 403 महिला विस्तारकों को उतारेगी भाजपा

 | 
यूपी विधानसभा चुनाव में 403 महिला विस्तारकों को उतारेगी भाजपा


प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं से सीधा संवाद करेंगी महिलाएं

लखनऊ, 20 नवंबर (हि.स.)। आगामी विधान सभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियाँ तेज कर दी है। चुनाव के मद्देनजर व्यापक जन संपर्क के उद्देश्य से भाजपा इस बार प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में महिला विस्तारक तैनात करने का फैसला किया है। विस्तार के रूप में तैनात महिलाएं क्षेत्रों में प्रवास कर मतदाताओं से सीधा संवाद करेंगी। इस योजना को अमली जामा पहनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवासी बैठक शुक्रवार को विश्वैश्वरैया प्रेक्षागृह में सम्पन्न हुई।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने मातृशक्ति से सीधा सम्पर्क और संवाद स्थापित करने के लिए महिला विस्तारक बहनों के साथ संवाद किया। कार्यशाला में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी तथा मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा उपस्थित रहीं।

बैठक में गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, राजस्थान एवं महाराष्ट्र सहित आठ राज्यों से 403 महिला विस्तारक बहनों ने सहभागिता की।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावडे़ ने कहा कि प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में महिला विस्तारक बहनों कोे प्रवास के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क अभियान को गति देना है। बहनों को घर-घर पहुंचकर आमजन एवं मतदाताओं से सीधा संवाद करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करना है। महिलाओं को संगठन से जोड़कर बूथ स्तर तक भाजपा की पहुंच और प्रभाव को और अधिक मजबूत बनाना है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव केवल राजनीतिक तैयारी नहीं, बल्कि संगठन की सामूहिक शक्ति, जनविश्वास और जनसंपर्क का व्यापक अभियान है। इसमें महिला शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में बहनें सिर्फ महिला कार्यकर्ता नहीं है बल्कि वे भाजपा की स्टार प्रचारक है। मातृशक्ति के साथ संवाद करके उन्हें भाजपा की विचारधारा तथा केन्द्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से जोड़ने का काम करना है।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार में भयमुक्त उत्तर प्रदेश है और मां, बहन, बेटियां सुरक्षित है। यही संदेश लेकर माता, बहनों के साथ संवाद करना है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि विस्तारक बहनें अपने अनुभव और संगठनात्मक कौशल के साथ उत्तर प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के विचार एवं सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच पहुंचे।

प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य डा. मेधा कुलकर्णी ने कहा कि महिला मोर्चा की बहनें प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठन की मजबूत कड़ी बनकर कार्य करेंगी। प्रदेश में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के संकल्प के साथ मातृशक्ति पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी।

महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्षा रूप कुमार चौधरी ने कहा कि मातृशक्ति भाजपा की नीतियों, नेतृत्व और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी ऊर्जा एवं प्रतिबद्धता के साथ तैयार है।

प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा सरोज कुशवाहा ने कहा कि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं का परिश्रम और मातृशक्ति का संकल्प आगामी चुनाव में भाजपा की विजय का मजबूत आधार बनेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन