नारी बिल पर महिलाओं का विरोध, नहीं सहेंगे अन्याय : शिवराम सिंह
कानपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। नारी सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विधेयक को संसद में पारित न होने देना महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय है। यह केवल एक बिल नहीं बल्कि देश की मातृशक्ति के सम्मान का प्रश्न है। विपक्ष का यह रवैया महिलाओं के हितों के खिलाफ है। भाजपा कार्यकर्ता और मातृशक्ति इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेंगे। महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। यह बातें मंगलवार भाजपा दक्षिण जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कही।
भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह के नेतृत्व में जन आक्रोश पदयात्रा निकाली गई। नारी अधिनियम बिल को संसद में पारित न होने देने के विरोध में आयोजित इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
पदयात्रा का शुभारंभ जागेश्वर अस्पताल से हुआ, जहां से महिलाएं तख्तियां और नारे लिखे पोस्टर लेकर निकलीं। पूरे मार्ग में महिलाओं ने उत्साह के साथ विपक्ष के खिलाफ नारे लगाए और अपना विरोध दर्ज कराया।
यह पदयात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए चावला मार्केट पहुंची। यहां कार्यक्रम के समापन पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतलों का दहन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से नवीन पंडित, संजीव बेरी, वंदना देवी गुप्ता, डाली वर्मा, नीतू सेंगर, अनीता दीक्षित, अलका कालरा और सिमरन कौर सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

