home page

सीतापुर में आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत, एक झुलसी

 | 
सीतापुर में आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत, एक झुलसी


सीतापुर, 15 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के बिसवां थाना क्षेत्र में रविवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आकर पेड़ के नीचे बैठी दो महिलाएं झुलस गई। इलाज के लिए दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

थाना प्रभारी राम राघव ने बताया कि रविवार सुबह झउवा खुर्द गांव की रहने वाली बबली (30) अपने घर के बाहर लगे पेड़ के नीचे बरामदे में बैठी थीं। उसी दौरान पड़ोसी विशंभर की पत्नी विमला भी उनसे मिलने के लिए वहां पहुंच गई। दोनों पेड़ के नीचे बैठकर बातें कर रही थी। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। उसकी चपेट में आने से दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और दोनों को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक विशंभर की पत्नी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों और परिजनों ने घायल बबली को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। उनकी हालत गंभीर है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय मौसम अचानक बदल गया था और तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी, जिससे यह हादसा हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma