home page

बेटियां हैं आज की सशक्त नीति निर्माता : डॉ भारत भूषण

 | 
बेटियां हैं आज की सशक्त नीति निर्माता : डॉ भारत भूषण


बेटियां हैं आज की सशक्त नीति निर्माता : डॉ भारत भूषण


सुलतानपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति के पांचवें चरण के तहत एक अभिनव पहल की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण ने मिशन शक्ति की इस एकीकृत पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह अभियान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन से संबंधित है और इससे बेटियों में नेतृत्व क्षमता का विकास होगा।

नगर के पीएम श्री केशकुमारी बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने शुक्रवार को सांकेतिक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी की भूमिका निभाई। श्रेया ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अदिति तिवारी ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और आयुषी पाण्डेय ने उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी का प्रतीकात्मक पदभार संभाला।

पदभार संभालने के बाद, सांकेतिक अधिकारियों ने सबसे पहले उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। उन्होंने देर से आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए। इसके उपरांत, उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत महिलाओं से संबंधित विभिन्न योजनाओं, जैसे प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान और स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई। इन अभियानों का उद्देश्य महिलाओं को व्यापक स्वास्थ्य जांच, पोषण और जागरूकता प्रदान करना है। इसके अतिरिक्त, जनपद में चल रहे दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों की जानकारी ली गई और सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों तथा प्रभारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को आकस्मिक सेवाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य शिविर आयोजित होने वाले चिन्हित स्थलों पर सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समय पर उपस्थित रहने को कहा गया।

इसी क्रम में, आयुष्मान आरोग्य मंदिर ऊघरपुर के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दूबेपुर में चल रहे टीकाकरण अभियान का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पूनम (सीएचओ), बाबी वर्मा (एएनएम), विनीता (आंगनबाड़ी कार्यकत्री) और सुशीला (आंगनबाड़ी कार्यकत्री) उपस्थित थीं। सांकेतिक मुख्य चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बेटियां केवल समाज का भविष्य ही नहीं, बल्कि आज की सशक्त नीति निर्माता भी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त