home page

नारी सशक्तिकरण ही समाज की प्रगति का आधार : डॉ. सीमा सोनकर

 | 
नारी सशक्तिकरण ही समाज की प्रगति का आधार : डॉ. सीमा सोनकर


कानपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। नारी का सम्मान और सशक्तिकरण ही समाज की वास्तविक प्रगति का आधार है। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। लैंगिक समानता के बिना समावेशी विकास की कल्पना अधूरी है। युवा पीढ़ी को नारी सम्मान के मूल्यों को अपनाना होगा। ऐसी रैलियां समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम हैं। यह बातें शनिवार को डॉ. सीमा सोनकर ने कही।

चंद्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के कम्युनिटी साइंस कॉलेज द्वारा नारी शक्ति वंदन के तहत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने भी भागीदारी की।

रैली का आयोजन महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. सीमा सोनकर के मार्गदर्शन में तथा डॉ. संघमित्रा मोहापात्रा के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। इस दौरान डॉ. एकता शर्मा, डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. संगीता गुप्ता सहित सभी प्राध्यापकगण एवं विभिन्न विभागों के टीचिंग एसोसिएट्स—डॉ. सुमेधा चौधरी, डॉ. स्वप्निल सिंह, डॉ. ऐलेना तखेल्लंबम, डॉ. ऐश्वर्या सिंह और डॉ. जया वर्मा ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

रैली में छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता तथा महिलाओं के सम्मान के प्रति जागरूकता फैलाई। प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां लेकर प्रभावशाली नारे लगाए, जिनमें “इस दुनिया की शान है नारी, जीवन का आधार है नारी” और “नारी का सम्मान, देश का अभिमान” जैसे संदेश प्रमुख रूप से गूंजे।

पूरे विश्वविद्यालय परिसर में निकाली गई इस रैली के माध्यम से लोगों को महिलाओं के अधिकारों, उनके सम्मान और समाज में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं से जुड़े मुद्दों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना था।

शिक्षकों, टीचिंग एसोसिएट्स और छात्रों की सक्रिय भागीदारी से रैली प्रभावशाली रही और अंत में यह कार्यक्रम महिलाओं के सम्मान, एकता और सशक्तिकरण का मजबूत संदेश देकर सम्पन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप