home page

भाजपा सरकार में नारी शक्ति को मिला अधिकार, 33 फीसदी आरक्षण से बदलेगी राजनीति की दिशा : ब्रजेश पाठक

 | 
भाजपा सरकार में नारी शक्ति को मिला अधिकार, 33 फीसदी आरक्षण से बदलेगी राजनीति की दिशा : ब्रजेश पाठक


कानपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। नारी शक्ति को सम्मान और अधिकार देने का काम वर्तमान सरकार कर रही है, 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू होने से देश की राजनीति में बड़ा बदलाव आएगा। महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए जनधन, उज्ज्वला और आवास जैसी योजनाएं जमीन पर असर दिखा रही हैं। अब किसी भी बेटी के साथ अन्याय करने वालों के लिए कानून सख्त हो चुका है और उन्हें जवाब देना होगा। समाज में नारी शक्ति को उसका उचित स्थान दिलाना ही हमारी प्राथमिकता है। यह बातें शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कही।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय विद्यालय सभागार में भव्य टाउन हॉल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित और महापौर प्रमिला पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके साथ ही डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भारत की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि नारी शक्ति का महत्व प्राचीन काल से ही स्थापित रहा है। उन्होंने कहा कि रावण वध जैसे प्रसंगों में भी शक्ति की आराधना की परंपरा रही है, जो नारी शक्ति की अहम भूमिका को दर्शाती है। उन्होंने ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले, रमाबाई अंबेडकर और रानी लक्ष्मीबाई जैसी महान महिलाओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि इन सभी ने समाज और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू होने से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की राजनीति प्रभावित होगी। केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनधन खाते, प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया गया है। तीन तलाक कानून का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब महिलाओं के साथ अन्याय करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई संभव हो पाई है।

विशिष्ट अतिथि अपर्णा यादव ने अपने संबोधन में कहा कि जिस घर में नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को संविधान का ऐतिहासिक संशोधन बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और मुद्रा योजना के तहत बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभ मिला है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं।

महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि आने वाले समय में जनता विपक्ष को जवाब देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 और 2029 के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को जीत मिलेगी और महिलाओं को और अधिक प्रतिनिधित्व दिलाने का कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षाविद नीतू सिंह ने की, जबकि संचालन शिवांग मिश्रा ने किया। इससे पहले सीएस हेलीपैड पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, शिवराम सिंह, महामंत्री अवधेश सोनकर और प्रमोद विश्वकर्मा ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, नीलिमा कटियार, स्वप्निल वरुण, अनीता गुप्ता, पूनम द्विवेदी, पूनम कपूर, सरोज सिंह, वेणु रंजन भदौरिया, अनीता त्रिपाठी, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप