संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, ससुरालियों पर लगा हत्या का आरोप
फर्रुखाबाद, 27 मार्च (हि.स.)।मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र स्थित सिकंदरपुर गांव में एक महिला का शव घर के अंदर पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।
सिकंदरपुर गांव निवासी कुलदीप प्रजापति की पत्नी ज्योति का शव (30) शुक्रवार को घर में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई, जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इससे पहले घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी जांच कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। मृतका अपने पीछे 10 वर्षीय पुत्र कपिल और 6 वर्षीय पुत्री सुंदरी को छोड़ गई हैं। मायके पक्ष ने घटना को संदिग्ध बताते हुए बेटी की हत्या की आशंका जताई है। मृतका के भाई विपिन का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग पहले भी बहन से झगड़ा और मारपीट करते आ रहे हैं।उनका आरोप है कि बहन ज्योति की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है।
कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। फौती सूचना के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

