आज की नारी केवल घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं : प्रभारी मंत्री
औरैया, 28 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर ब्लॉक सभागार में नारी शक्ति जन आक्रोश अभियान के अंतर्गत एक विशाल महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार की मंत्री व जनपद की प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला मौजूद रहीं।
प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि आज की नारी केवल घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं है, बल्कि वह राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा। सम्मेलन के दौरान महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी महिला सशक्तिकरण को समाज के समग्र विकास की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम के समापन के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं ने ब्लॉक गेट पर पहुंचकर विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सौरभ भूषण शर्मा सहित अनेक महिलाएं और पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

