home page

मिशन शक्ति फेज-6 के तहत गोरखपुर में निकली जागरूकता रैली, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का दिया संदेश

 | 
मिशन शक्ति फेज-6 के तहत गोरखपुर में निकली जागरूकता रैली, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का दिया संदेश


मिशन शक्ति फेज-6 के तहत गोरखपुर में निकली जागरूकता रैली, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का दिया संदेश


मिशन शक्ति फेज-6 के तहत गोरखपुर में निकली जागरूकता रैली, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का दिया संदेश


मिशन शक्ति फेज-6 के तहत गोरखपुर में निकली जागरूकता रैली, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का दिया संदेश


गोरखपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को गोरखपुर में मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के अंतर्गत जागरूकता रैली निकाली गई। पुलिस अधीक्षक अपराध एवं नोडल अधिकारी मिशन शक्ति के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी कोतवाली के नेतृत्व में थाना राजघाट, कोतवाली और तिवारीपुर क्षेत्र में पुलिस बल ने रैली निकालकर आमजन को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने विशेष रूप से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। अभियान के माध्यम से संदेश दिया गया कि महिलाएं और बालिकाएं किसी भी प्रकार की समस्या अथवा उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि आगे आकर पुलिस की सहायता लें। साथ ही उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और समाज में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।

महिला हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस ने महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 और 181 के साथ आपातकालीन सेवा 112 के बारे में विस्तार से बताया। महिलाओं एवं बालिकाओं को समझाया गया कि जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है। पुलिस ने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में जागरूकता बढ़ाने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता लेने के महत्व पर जोर दिया।

साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया जागरूक

रैली के दौरान साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं को ऑनलाइन गतिविधियों में सतर्कता बरतने, अनजान व्यक्तियों के साथ व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने और संदिग्ध लिंक या संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने तथा साइबर अपराध की स्थिति में समय रहते शिकायत दर्ज कराने के महत्व को भी रेखांकित किया।

महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना अभियान का उद्देश्य

मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। गोरखपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित इस रैली के माध्यम से पुलिस ने महिला सुरक्षा के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का संदेश दिया। अभियान के जरिए महिलाओं एवं बालिकाओं को यह भरोसा दिलाया गया कि उनकी सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय