देवरिया में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं-बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
देवरिया, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शासन की ओर से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत देवरिया जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार को कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और छात्राओं को जागरूक किया।
थाना तरकुलवा की मिशन शक्ति टीम ने स्वर्ण जयंती इशारा इंटरमीडिएट कॉलेज, ग्राम मलघौट विरैचा में छात्राओं को पम्पलेट वितरित कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इस दौरान डायल-112, हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस सेवा-108 और साइबर हेल्पलाइन- 1930 के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसी क्रम में थाना रुद्रपुर की टीम ने आदर्श चौराहा स्थित सेंट्रल बैंक के पास तथा थाना लार की टीम ने ग्राम पिंडी में महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को जागरूक किया। पुलिस कर्मियों ने उन्हें सुरक्षा से जुड़े अधिकारों, सरकारी योजनाओं और आपातकालीन सेवाओं के बारे में जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
इसके अलावा जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो व मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों के सार्वजनिक व धार्मिक स्थलों पर अभियान चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। पम्पलेट वितरण के माध्यम से उन्हें सुरक्षा उपायों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के जागरूकता अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक सहायता प्राप्त कर सकें।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

