ऑपरेशन से बेटे को जन्म देने के कुछ घंटे बाद महिला की मौत, परिजनों का हंगामा
हाथरस, 11 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हाथरस जनपद के सासनी थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन से बेटे को जन्म देने के कुछ घंटे बाद 27 वर्षीय महिला की हालत बिगड़ गई। अस्पताल से अलीगढ़ रेफर किए जाने के बाद रास्ते में महिला की मौत हो गई। नवजात बेटे की हालत स्वस्थ है। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। शनिवार रात करीब नौ बजे परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया और अस्पताल संचालक व आशा कार्यकर्ता पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की।
जानकारी के अनुसार, महिला को प्रसव के लिए सासनी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां ऑपरेशन के बाद उसने बेटे को जन्म दिया। परिजनों का कहना है कि प्रसव के कुछ घंटे बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। नवजात के स्वस्थ होने की बात कही जा रही है।
महिला की मौत की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंच गए और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने अस्पताल संचालक और आशा कार्यकर्ता की भूमिका पर सवाल उठाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हंगामे की सूचना पर पुलिस इंस्पेक्टर विपिन चौधरी मौके पर पहुंची। इस दौरान परिजनों और पुलिस के बीच तीखी नोक झोंक भी हुई। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। इसी बीच परिजनों ने सड़क पर जाम लगाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को सड़क से हटाया और यातायात सुचारु कराया।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारणों और परिजनों की ओर से लगाए गए लापरवाही के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग उठ रही है। पुलिस इंस्पेक्टर विपिन चौधरी ने जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

