home page

महिला का शव हाईवे पर रखकर लगाया जाम, पुलिस पर पथराव; तीन पुलिसकर्मी घायल

 | 
महिला का शव हाईवे पर रखकर लगाया जाम, पुलिस पर पथराव; तीन पुलिसकर्मी घायल


महिला का शव हाईवे पर रखकर लगाया जाम, पुलिस पर पथराव; तीन पुलिसकर्मी घायल


कानपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को एक महिला की मौत के बाद रविवार शाम परिजनों ने शव कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने पर भी जब लोग नहीं माने तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। हमले में चकेरी इंस्पेक्टर अजय प्रकाश मिश्र, महाराजपुर इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह और अहिरवां चौकी प्रभारी राजवीर सिंह घायल हो गए। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाया और हाईवे पर यातायात बहाल कराया। मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि शेखपुर गांव निवासी माला (32) की शादी करीब आठ वर्ष पहले लालूखेड़ा गांव निवासी मुन्ना निषाद से हुई थी। दंपति के दो बच्चे बेटा रुद्रा और बेटी वैष्णवी हैं। मायकेवालों के मुताबिक शनिवार को माला की तबीयत खराब थी। उसका ताऊ का बेटा शनि उसे दवा दिलाने के बाद दोपहर ससुराल छोड़कर आया था।

शनि के मुताबिक, माला को छोड़ने के करीब एक घंटे बाद मुन्ना ने फोन कर बताया कि माला फंदे पर लटकी हुई है। जानकारी मिलने पर परिजन ससुराल पहुंचे तो घर के अंदर माला का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रविवार शाम पोस्टमार्टम के बाद मायके वाले शव लेकर घर जा रहे थे। रास्ते में ससुराल पक्ष के लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। मायके वालों का आरोप था कि पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। इसके बाद परिजनों ने शव को कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया और कार्रवाई की मांग करने लगे।

जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया गया। पथराव में चकेरी इंस्पेक्टर अजय प्रकाश मिश्र, महाराजपुर इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह और अहिरवां चौकी प्रभारी राजवीर सिंह घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए कांशीराम अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस पर हमले की सूचना पर एडीसीपी शिवा सिंह और चकेरी एसीपी आशुतोष सिंह समेत चार थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा और हाईवे से जाम हटवाया। इसके बाद परिजन शव लेकर मौके से निकल गए। पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि भीड़ में शामिल कुछ महिला और पुरुष शराब के नशे में थे। उनके पास से दुर्गंध आ रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव किया, जिसमें दो से तीन पुलिसकर्मियों को चोट आई। उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर हाईवे से शव हटवाया गया और ई-रिक्शा के जरिए उसे गांव भेजा गया।

डीसीपी ने बताया कि मौके से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। परिवार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पर हमला, यातायात बाधित करने और अन्य आरोपों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जांच में यदि किसी व्यक्ति की ओर से भीड़ को उकसाने की बात सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप