नहर में महिला का शव मिला, 10 से 15 दिन पुराना होने की आशंका
कानपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। सचेण्डी थाना क्षेत्र में रामगंगा नहर में रविवार दोपहर एक महिला का नग्न शव मिलने से हड़कंप मच गया। नहर में शव उतराता देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पुलिस के मुताबिक महिला के एक हाथ में काले रंग का कलावा बंधा मिला है। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी हालत खराब हो चुकी थी। पुलिस ने आसपास के थानों और दूसरे जनपदों से संपर्क कर महिला की गुमशुदगी से संबंधित जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर शव करीब 10 से 15 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
सचेण्डी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि महिला की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। आसपास के थानों के साथ ही अन्य जनपदों से भी संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही शव की पहचान कराने के साथ आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

